राज्य स्थापना दिवस पर प्रदर्शनी में रेशम उत्पादों का अवलोकन
हरिद्वार। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ जनपद हरिद्वार में हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर ऋषिकुल ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया गया। जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, राज्य आंदोलनकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में आमजन ने प्रतिभाग किया।

समारोह के दौरान गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन सुना और प्रदेश की विकास यात्रा एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।
राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को पटका एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए योगदान की सराहना की गई। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोकगीतों और लोकनृत्यों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

26 वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित: सतपाल महाराज
प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य ने बीते 26 वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, महिला सशक्तिकरण, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। जनपद हरिद्वार में अब तक एक लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं और यूसीसी पंजीकरण में हरिद्वार प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।
आकांक्षी जनपद कार्यक्रम में हरिद्वार का उत्कृष्ट प्रदर्शन
प्रभारी मंत्री ने कहा कि नीति आयोग ने हरिद्वार को आकांक्षी जनपद एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित किया है। संपूर्णता अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जनपद को मुख्यमंत्री एवं उत्तराखण्ड सरकार द्वारा सम्मानित किया गया। नीति आयोग की जुलाई 2022 की रिपोर्ट में हरिद्वार ने देश के 112 आकांक्षी जनपदों में प्रथम स्थान प्राप्त किया था, जिसके लिए 10 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिली। मार्च 2024 की रैंकिंग में वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर तीन करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्राप्त हुई।
‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में 71 बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। इनमें लगभग 2,231 शिकायतों का निस्तारण किया गया, 22 हजार से अधिक प्रमाण पत्रों के आवेदन प्राप्त हुए तथा 51 हजार से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। उन्होंने ‘मिशन ज्ञान गंगा, हरिद्वार’ का उल्लेख करते हुए कहा कि कक्षा 3 से 12 तक के विद्यार्थियों को सरल एवं गुणवत्तापूर्ण डिजिटल शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराना अभिनव पहल है।
कुंभ-2027 की तैयारियों को गति
आगामी कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास परियोजना, प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास परियोजना तथा गंगा घाटों के सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छता अभियानों की कार्ययोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। ऋषिकुल स्थित मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के समग्र विकास एवं विस्तार के लिए नई सोसाइटी के गठन को सैद्धांतिक अनुमोदन दिया गया है। इसके अंतर्गत योग एवं ध्यान केंद्र, आयुर्वेद अध्ययन केंद्र, ज्योतिष एवं प्राच्य अध्ययन केंद्र तथा ललित कला केंद्र विकसित किए जाने की योजना है।
किसान, स्वास्थ्य और आवास योजनाओं से लाखों लोग लाभान्वित
उन्होंने बताया कि जनपद में एक लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है तथा लगभग एक लाख 37 हजार लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। स्वास्थ्य सुरक्षा के अंतर्गत 10 लाख 40 हजार से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नौ हजार से अधिक और शहरी क्षेत्रों में 4,500 से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से दो लाख 52 हजार लोग लाभान्वित हुए हैं, जबकि सहकारी समितियों से दो लाख 35 हजार किसान जुड़े हैं।

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास के क्षेत्र में पिछले पांच वर्षों में नंदा गौरा कन्याधन योजना के अंतर्गत 32,825 बालिकाओं को लाभान्वित किया गया। इनमें 6,396 बालिकाओं को जन्म के समय तथा 26,456 बालिकाओं को 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर लाभ दिया गया। इसी अवधि में 69,122 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गई तथा पोषण योजना के अंतर्गत लगभग दो लाख लाभार्थियों को प्रतिवर्ष लाभान्वित किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत जनपद में 1,500 सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित करने के लिए 9.60 करोड़ रुपये की अनुदान राशि वितरित की गई है। मनरेगा के माध्यम से लगभग एक लाख परिवारों को रोजगार मिला। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत 182 स्वयं सहायता समूह गठित किए गए तथा 256 लाभार्थियों को स्वरोजगार ऋण दिया गया। पिछले पांच वर्षों में चार हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों का पुनर्गठन और दो हजार से अधिक समूहों को रिवॉल्विंग फंड वितरित किया गया। इनके माध्यम से लगभग 1,560 समूह आय अर्जित कर रहे हैं। जनपद में स्वयं सहायता समूहों की मदद से 23 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में भी जनपद ने उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य गठन के समय हरिद्वार में मत्स्य उत्पादन 850 क्विंटल था, जो बढ़कर 30 हजार क्विंटल से अधिक हो गया है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत लगभग 13 हजार से अधिक व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि ये उपलब्धियां विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम हैं।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले लाभार्थियों और विद्यार्थियों का सम्मान
मेयर नगर निगम हरिद्वार किरण जैसल ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक विरासत से है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित हरिद्वार बनाने में सहयोग की अपील की। राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि आंदोलनकारियों के सपनों का विकसित उत्तराखण्ड बनाना सभी की जिम्मेदारी है और प्रदेश सरकार विकास के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
समारोह में बागवानी, कृषि, पशुपालन, मत्स्य, डेयरी, सौर ऊर्जा, सहकारिता तथा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं और स्वच्छ एवं सुंदर नगर बनाने में योगदान देने वाले नगर निगम के पर्यावरण मित्रों को भी सम्मानित किया गया।

विकास पुस्तिका का विमोचन, विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन
प्रभारी मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया। मतदाता जागरूकता के उद्देश्य से सूचना विभाग में पंजीकृत नुक्कड़ नाटक दल जनचेतना मंच ने प्रस्तुति देकर मतदान के महत्व के प्रति लोगों को प्रेरित किया।
प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। बाल विकास, स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक, कृषि, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, समाज कल्याण, खादी ग्रामोद्योग, अक्षय ऊर्जा (उरेडा), डेयरी, रेशम, मत्स्य, पशुपालन, उद्यान, उद्योग तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित अनेक विभागों ने स्टॉल लगाए। इनके माध्यम से आमजन को योजनाओं की जानकारी और पात्र व्यक्तियों को लाभ प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।


कार्यक्रम का संचालन विनोद प्रसाद मिश्रा एवं डॉ. नरेश चौधरी ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी, राज्यमंत्री शोभाराम प्रजापति, राज्यमंत्री अजीत चौधरी, विधायक रानीपुर आदेश चौहान, अनीस गौड़, आयुक्त गढ़वाल मंडल आनन्द स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, सीओ हरिद्वार शिशुपाल सिंह नेगी सहित राज्य आंदोलनकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं, अधिकारी-कर्मचारी, योजनाओं के लाभार्थी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
