सुश्री सरोज कंसारी, लेखिका एवं कवयित्री, नवापारा-राजिम, रायपुर
जीवन जागरूकता और निरंतर आगे बढ़ते रहने की साधना है। जीवन में सफलता पाने के लिए आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष की भावना आवश्यक है। लेखिका एवं कवयित्री सुश्री सरोज कंसारी अपने इस प्रेरक आलेख में जीवन की चुनौतियों का सामना करने, असफलताओं से सीखने और हर परिस्थिति में हौसला बनाए रखने का संदेश देती हैं।
जीवन जागरूकता और अविरल चलने की साधना
लोग आपको तब तक हरा नहीं सकते, जब तक आप हार न मान लो। यह जीवन एक सफर है नदी की भाँति, जहाँ हार और जीत का सामना हर पग पर करना पड़ता है। जीवन में दुःख-दर्द, सफलता-असफलता होती रहती है। मन से जो कभी टूटता नहीं, असल में जीत उसी की होती है। जीवन जंग ही तो है, फिर घबराना कैसा? हर पल को उत्कृष्ट बनाते चलिए। कभी मिठास तो कभी कड़वाहट है जिंदगी, होंठों पर मुस्कान बनाए रखिए। दुनिया की कोई ताकत आपको हरा नहीं सकती, बस जीतने की चाह प्रबल रखिए। ठोकरें खाकर संभलने का हुनर रखिए। भागने से कुछ हासिल नहीं होगा, संघर्ष से ही मंजिल मिलेगी। मन अगर मजबूत है तो हर एक पल एक नया अवसर है। जीना है जग में तो दर्द से दोस्ती कर लीजिए। किसी की कड़वाहट भरी बातों से टूटना बंद कीजिए। खुद को हर दृष्टि से सफल बनाइए।
जिंदगी में एक नहीं, अनेक रास्ते हैं। एक जगह बैठकर इंतजार मत कीजिए। आगे देखिए, पीछे जो छूट गया उसके अफसोस से निकलिए। गिरकर पड़े नहीं रहना है, उठकर फिर से हौसले बुलंद कीजिए। डरिए मत! लोग ताने देंगे, रुलाएँगे, छल करेंगे, धोखा देंगे और दुर्व्यवहार करेंगे। जब तक आप किसी की बातों को दिल में लेकर रोते रहेंगे और खुद को कमजोर समझते रहेंगे, तब तक आगे बढ़ना कठिन होगा। जिस दिन अपनी पूरी ताकत से उठकर मुकाबला करेंगे और हालात से लड़कर बड़ी सफलता हासिल करेंगे, उस दिन आप शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और व्यावहारिक रूप से मजबूत बनेंगे। लोग आपकी गलतियाँ भूलकर आपका साथ देंगे और आपकी सराहना करेंगे। बस, संभलने तक समझदारी से काम लीजिए।
हर छोटी बात पर जल्दी घबराइए मत। सपनों को पूरा करने के लिए धीरे-धीरे ही सही, कोशिश करते रहिए। कठिन मेहनत कीजिए और खुद पर भरोसा रखिए। गम के अँधेरे से निकलने के लिए साहस से बड़ा कोई विकल्प नहीं है। समस्या है तो उसका सामना करना जरूरी है। जब तक भागते रहेंगे, भटकते रहेंगे। सामना करने से अनुभव मिलता है, समाधान मिलते हैं, हम सीखते हैं और हमारी समझ विकसित होती है। इसी तरह एक दिन कठिन परिस्थितियाँ भी सरल लगने लगती हैं।
सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका एवं कवयित्री
नवापारा-राजिम, रायपुर (छत्तीसगढ़)
