उत्तरकाशी। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर उत्तरकाशी जनपद में राज्योत्सव धूमधाम से आयोजित किया गया। जिला मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित कर उनके योगदान को याद किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
राज्योत्सव में स्कूली विद्यार्थियों और सांस्कृतिक दलों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। गोस्वामी गणेश दत्त विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। कार्यक्रम में विकास पुस्तिका 2026 का विमोचन किया गया।
जिला प्रशासन ने बताया कि राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 10 से 13 नवंबर तक रामलीला मैदान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि उनके संघर्ष और बलिदान से उत्तराखंड राज्य का निर्माण संभव हुआ। उन्होंने प्रदेश में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में हो रहे कार्यों का उल्लेख किया।
समारोह में प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान, मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और राज्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की झलकियां






फोटो: उत्तरकाशी जिला राज्योत्सव कार्यक्रम
