हरिद्वार। जनपद की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अपर रोड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, भवन की स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न पूछे। उन्होंने विद्यार्थियों से गणित के सवाल भी हल करवाए। बच्चों द्वारा सभी प्रश्नों के सही उत्तर देने पर जिलाधिकारी ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि की सराहना की।

जिलाधिकारी ने शिक्षिकाओं को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक जानकारी भी दी जाए, ताकि वे सीखी गई बातों का दैनिक जीवन में उपयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियां भी जरूरी हैं।
विद्यालय भवन की स्थिति का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने पुराने भवन के स्थान पर नए विद्यालय भवन के निर्माण के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में खेल मैदान की आवश्यकता पर भी जोर देते हुए कहा कि बच्चों को खेलकूद के लिए पर्याप्त स्थान मिलने से उनकी शारीरिक क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं के विकास और शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद, प्रधानाध्यापिका सपना रानी, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, विद्यालय की शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
