राज्योत्सव में सम्मानित छात्र-छात्राएं
पौड़ी, 9 नवंबर। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को पौड़ी जिला मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में राज्योत्सव धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में जनपद के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने राज्य आंदोलनकारियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष और बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान सूचना विभाग की ओर से प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया गया। बाल विकास विभाग के पांच लाभार्थियों को किशोरी किट और समाज कल्याण विभाग के सात दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक दलों की लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुतियां समारोह का विशेष आकर्षण रहीं। राज्य स्थापना दिवस पर जनपद की ग्राम पंचायतों में व्यापक सफाई अभियान भी चलाया गया।
आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाने का आह्वान
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने जनपदवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का गठन लंबे संघर्ष, जनआंदोलन और राज्य आंदोलनकारियों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। मुजफ्फरनगर कांड जैसी घटनाएं राज्य आंदोलन के इतिहास का ऐसा अध्याय हैं, जिन्हें भुलाया नहीं जा सकता। आंदोलनकारियों के संघर्ष और जनसहभागिता से ही पृथक राज्य का सपना साकार हुआ।
उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद उत्तराखंड ने शिक्षा, साक्षरता और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन तथा कनेक्टिविटी के क्षेत्र में विकास कार्य आगे बढ़े हैं। युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अवसर बढ़े हैं। सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने सभी से आंदोलनकारियों के सपनों का विकसित उत्तराखंड बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
15 नवंबर तक न्याय पंचायत और विकासखंड स्तर पर होंगे कार्यक्रम
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से संभव हुआ है। आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं और आमजन की भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने जानकारी दी कि 15 नवंबर तक न्याय पंचायत एवं विकासखंड स्तर पर राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और जनता की एकजुटता का परिणाम है। उनके सपनों का विकसित उत्तराखंड बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पौड़ी में पर्यटन की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्यटन विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
राज्य आंदोलनकारी बीरा भंडारी ने कहा कि राज्य निर्माण में आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान के साथ महिलाओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने युवा पीढ़ी को राज्य आंदोलन के इतिहास और आंदोलनकारियों के योगदान से परिचित कराने की आवश्यकता बताई, ताकि वे राज्य निर्माण के उद्देश्यों को समझकर प्रदेश के विकास में योगदान दे सकें।
लाभार्थियों को किट और सहायक उपकरण वितरित
समारोह में बाल विकास विभाग के पांच लाभार्थियों को किशोरी किट तथा समाज कल्याण विभाग के सात दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक दलों ने उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोहा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, क्षेत्र पंचायत प्रमुख अस्मिता नेगी, डीएफओ महातिम यादव, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी, दिव्येश उपाध्याय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मेघना असवाल, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, पूर्व विधायक मुकेश कोली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और राज्य आंदोलनकारी मौजूद रहे।
स्रोत: जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल की प्रेस विज्ञप्ति।
कार्यक्रम की तस्वीरें









