पौड़ी सर्किट हाउस में मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम को लेकर आयोजित बैठक।
पौड़ी, 9 नवंबर। जनपद में गुलदार प्रभावित और संवेदनशील गांवों में लोगों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए वन विभाग गश्त और निगरानी बढ़ाएगा। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पौड़ी स्थित सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में अधिकारियों को मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में मंत्री ने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि गुलदार प्रभावित गांवों में वन विभाग की टीमें सक्रिय रहें और संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्त के साथ वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार नियमानुसार पिंजरे लगाए जाएं और गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग प्रभावी कार्रवाई करे। संभावित खतरे की समय रहते जानकारी मिल सके, इसके लिए निगरानी तंत्र को मजबूत करने और ग्रामीणों को वन्यजीवों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों से अल्पकालिक कदमों के साथ दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
स्रोत: कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल की प्रेस विज्ञप्ति।
