फिल्म ‘पायर’ को प्रदेश के सिनेमाघरों में पर्याप्त स्क्रीन और शो दिलाने की मांग को लेकर यूकेडी प्रतिनिधियों ने सूचना महानिदेशक से मुलाकात की।
देहरादून। उत्तराखंड की माटी, संस्कृति और पहाड़ के गांवों की बदलती तस्वीर को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने वाली हिंदी फिल्म ‘पायर’ (Pyre) को प्रदेश में प्रोत्साहित करने की मांग उठी है। फिल्म को अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचाने और सिनेमाघरों में पर्याप्त स्क्रीन एवं शो उपलब्ध कराने के लिए उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने पहल की है।
इस संबंध में यूकेडी के प्रतिनिधियों ने सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधियों ने मांग की कि प्रदेश के सिनेमाघरों में फिल्म के प्रदर्शन के लिए पर्याप्त स्क्रीन और शो उपलब्ध कराए जाएं तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था की जाए।
यूकेडी प्रतिनिधियों ने कहा कि फिल्म ‘पायर’ उत्तराखंड से हो रहे पलायन और तेजी से खाली होते गांवों की गंभीर सामाजिक वास्तविकता को प्रभावशाली ढंग से सामने लाती है। यह केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि पहाड़ के जनजीवन, सामाजिक परिस्थितियों और गांवों से जुड़ी भावनाओं को समझने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
प्रतिनिधियों ने सूचना महानिदेशक से आग्रह किया कि प्रदेश सरकार मल्टीप्लेक्स संचालकों और सिनेमाघर मालिकों के साथ वार्ता कर फिल्म को पर्याप्त स्क्रीन और शो दिलाने की दिशा में पहल करे। साथ ही सरकारी स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक लोग इस फिल्म को देख सकें।
