देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय, केदारपुरम में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में प्रतिभाग किया। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मेलन ऐसा अवसर है, जैसे एक ही परिवार के सदस्य लंबे समय बाद अपने घर लौटकर एक स्थान पर एकत्र हुए हों। उन्होंने कहा कि प्रवासियों का अपनी मातृभूमि, संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से भावनात्मक जुड़ाव बना रहना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उपलब्धियों से विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उनके अनुभव, ज्ञान, संसाधन और सामर्थ्य का लाभ राज्य के विकास को भी मिलना चाहिए। अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान देने की पहल करने वाले 30 प्रवासियों का आभार जताते हुए उन्होंने इसे मातृभूमि के प्रति लगाव और सामाजिक उत्तरदायित्व का उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कृषि, बागवानी और औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।

महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने बताया कि अतिथि शिक्षकों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकत्रियों तथा भोजन माताओं के मानदेय में जल्द वृद्धि की जाएगी। कृषि एवं बागवानी को बढ़ावा देने के लिए एप्पल मिशन, कीवी मिशन और तिमुर मिशन जैसी योजनाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री होने की जानकारी भी उन्होंने दी।

मुख्यमंत्री ने सड़क, रेल, हवाई संपर्क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों की दीर्घकालिक पेयजल जरूरतों के लिए सौंग बांध परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं पर भी काम आगे बढ़ रहा है तथा किशाऊ बांध परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन हो चुका है। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और हेलीपोर्ट निर्माण की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपने पैतृक गांवों से निरंतर जुड़े रहने और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन, उद्यमिता तथा स्वरोजगार के क्षेत्रों में अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता का योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य के समग्र और संतुलित विकास के लिए सरकार के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि राज्य गठन के बाद से उत्तराखण्ड में सड़क संपर्क सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने प्रदेश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया। विधायक विनोद चमोली ने प्रवासियों से अपने पैतृक गांवों से जुड़ाव बनाए रखने की अपील की।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने प्रवासी उत्तराखण्डियों को राज्य का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए कहा कि उनके तकनीकी ज्ञान, उद्यमशीलता और निवेश से विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को गति मिलेगी। उन्होंने प्रवासी उत्तराखण्ड प्रकोष्ठ, प्रवासी उत्तराखण्ड परिषद और पंजीकरण वेबसाइट के माध्यम से प्रवासियों से सतत संवाद की जानकारी दी तथा वेबसाइट पर पंजीकरण कराने का आह्वान किया।
सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
