रुड़की। घर से लापता हुई सात वर्षीय बच्ची को गंगनहर पुलिस ने चार घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। बच्ची मानसिक रूप से कमजोर है और बोलने में असमर्थ है।
पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर 2026 को श्यामनगर निवासी सुमित कुमार ने अपनी सात वर्षीय पुत्री के लापता होने की सूचना कोतवाली गंगनहर में दी। परिजनों द्वारा काफी तलाश किए जाने के बाद भी बच्ची का पता नहीं चल पाया था।
सूचना पर पुलिस ने तत्काल दो टीमों को तलाश में लगाया। पुलिस ने क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर खोजबीन की और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद ली। पुलिस की तत्परता से बच्ची को चार घंटे में सकुशल खोज लिया गया।
बच्ची को परिजनों के सुपुर्द किए जाने पर माता-पिता भावुक हो गए और उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र राठी, उपनिरीक्षक नवीन कुमार, कांस्टेबल संजय कुमार और कांस्टेबल रणवीर शामिल रहे।
