कोतवाली रुड़की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
रुड़की, 13 नवंबर 2026। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के गोविंद भवन में एक छात्र का शव कमरे के अंदर मिलने से परिसर में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर कोतवाली रुड़की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर की देर रात आईआईटी रुड़की के सुरक्षा अधिकारी कुलदीप सिंह नेगी ने कोतवाली रुड़की को गोविंद भवन में एक छात्र के कमरे में घटना की सूचना दी। पुलिस टीम संस्थान के गोविंद भवन की दूसरी मंजिल पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद सुरक्षा गार्डों की सहायता से दरवाजा खुलवाया गया। कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

कमरे के अंदर छात्र मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान आयुष रजौरिया (लगभग 20 वर्ष), पुत्र शैलेश रजौरिया, निवासी राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। मौके पर मौजूद आईआईटी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मयंक शर्मा ने परीक्षण किया।
एसएसपी हरिद्वार का बयान

सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पाण्डेय भी घटनास्थल पहुंचे और निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच की तथा लैपटॉप का भी नियमानुसार निरीक्षण किया। साक्ष्य संकलन के लिए फील्ड यूनिट को बुलाया गया।
पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल रुड़की भिजवा दिया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार, परिजनों के पहुंचने पर पंचायतनामा की कार्रवाई की जाएगी। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और जांच जारी है। घटना के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट, रात्रि अधिकारी ध्वजवीर सिंह और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे।
