दिशा समिति की बैठक में मौजूद अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि
हरिद्वार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। बैठक कुंभ मेला नियंत्रण भवन सभागार में आयोजित हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि योजनाएं केवल आंकड़ों तक सीमित न रहें। उनका प्रत्यक्ष लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने को कहा।
केंद्र की योजनाओं की विभागवार समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाएं, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और पोषण अभियान सहित विभिन्न केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने लक्ष्यों के सापेक्ष उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।
सांसद ने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों का चिन्हीकरण पूरी पारदर्शिता से किया जाए और योजनाओं से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण हो। वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन से वंचित पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश भी दिए गए।
कुंभ मेले से पहले सड़क कार्य पूरे करने के निर्देश
राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने को कहा गया। सांसद ने दिसंबर माह के अंत तक सभी आवश्यक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनवरी माह से प्रारंभ होने वाले कुंभ मेले के लिए श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों का सुगम आवागमन सुनिश्चित करना जरूरी है।
सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के प्रयासों की सराहना
जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के प्रयासों के लिए सांसद ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और परिवहन विभाग की सराहना की। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में परिवहन विभाग द्वारा विगत तीन माह से निरंतर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
सांसद ने सुकन्या समृद्धि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं और उनके अभिभावकों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में पेयजल आपूर्ति, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा और सिंचाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई।
अधिकारियों ने दिया निर्देशों के अनुपालन का भरोसा
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का संबंधित विभागों से शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से योजनाओं की प्रगति की निगरानी की जा रही है।
बैठक में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, महापौर किरण जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विधायक हरिद्वार ग्रामीण अनुपमा रावत, विधायक झबरेड़ा वीरेंद्र कुमार जाति, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत सहित दिशा समिति के सदस्य, नगर निकायों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
