हरिद्वार। गंगा के पावन तटों पर कुंभ मेला-2027 की अस्थायी नगरी आकार लेने लगी है। पहले चरण में पंतद्वीप, बैरागी कैंप, गौरीशंकर और दक्षद्वीप में टेंट लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। इन शिविरों में मेले की व्यवस्थाओं में तैनात होने वाले कार्मिकों के आवास, कार्यालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
कुंभ के दौरान पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के करीब 30 से 35 हजार कार्मिकों की तैनाती को ध्यान में रखते हुए उनके कार्यस्थलों के अनुसार अलग-अलग सेक्टरों में आवासीय शिविर और कार्यालय बनाए जा रहे हैं। इसके लिए मेला भूमि को चरणबद्ध तरीके से तैयार किया जा रहा है।
अस्थायी नगरी में स्विस कॉटेज, ईपी टेंट, फैमिली टेंट, छोलदारी, दरबारी, महाराजा और पगोडा टेंट के साथ जर्मन हैंगर भी लगाए जाएंगे। अनुमान है कि कार्मिकों के आवास और कार्यालयी व्यवस्थाओं के लिए पांच हजार से अधिक टेंट स्थापित किए जाएंगे।
कुंभ शिविरों के लिए आवंटित भूमि पर अखाड़ों, आश्रमों तथा धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के शिविर लगाने की तैयारियां भी आगे बढ़ रही हैं। इनके स्थापित होने के साथ मेला क्षेत्र में कुंभ का पारंपरिक और आध्यात्मिक स्वरूप दिखाई देने लगेगा।
गुरुवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बैरागी कैंप, पंतद्वीप और दक्षद्वीप पहुंचकर टेंट स्थापना और शिविर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रगति के साथ प्रस्तावित आवासीय सुविधाओं और आधारभूत व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि टेंटों और शिविरों की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो तथा कार्मिकों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक आवास सुनिश्चित किया जाए।
मेलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर स्थलों तक सुगम आवागमन के लिए सड़क, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और सफाई की व्यवस्थाएं योजनाबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। ये सुविधाएं टेंट स्थापना के साथ ही उपलब्ध कराई जाएं, ताकि कार्मिकों के पहुंचने से पहले सभी इंतजाम तैयार रहें। निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी श्री मंजीत सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
कुंभ मेला-2027 के लिए आकार ले रही यह अस्थायी नगरी आयोजन की व्यापक तैयारियों का संकेत दे रही है। आने वाले महीनों में विभिन्न सेक्टरों में शिविर स्थापित होने के साथ गंगा तटों पर कुंभ की रौनक और बढ़ेगी।
