मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर क्षेत्र निवासी रेशमा देवी के लापता होने के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उनके परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने एसएसपी टिहरी से फोन पर वार्ता कर मामले की जानकारी ली और रेशमा की तलाश के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के लापता होने का मामला परिवार के लिए अत्यंत पीड़ादायक और संवेदनशील होता है। ऐसे मामलों में पुलिस एवं प्रशासन की जिम्मेदारी है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध तकनीकी एवं वैज्ञानिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर तलाश और जांच की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाए।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले में अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए रेशमा की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच एवं तलाश में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही परिजनों को जांच की प्रगति से भी अवगत कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने परिजनों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस संवेदनशील प्रकरण में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगी। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासन को रेशमा की सकुशल तलाश के लिए सभी संभावित प्रयास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
