बीएचईएल हरिद्वार की गुणवत्ता चक्र टीम
हरिद्वार। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), हरिद्वार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित 51वें इंटरनेशनल कन्वेंशन ऑन क्वालिटी कंट्रोल सर्कल्स में गोल्ड अवार्ड हासिल किया है। सम्मेलन में 14 से अधिक देशों की टीमों ने भाग लिया।
बीएचईएल हरिद्वार इकाई का प्रतिनिधित्व विद्युत मशीन्स, ब्लॉक-1 के गुणवत्ता चक्र-771 ‘तरुण’ ने ऑनलाइन माध्यम से किया। टीम ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर यह उपलब्धि प्राप्त की।
बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने इस उपलब्धि पर टीम के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि समर्पित कर्मचारियों ने अपने उत्कृष्ट कार्यों से हमेशा संस्थान का गौरव बढ़ाया है। यह पुरस्कार कार्यक्षेत्र में नई सोच विकसित करने, काम को सरल बनाने, गुणवत्ता बढ़ाने तथा नए टूल्स और तकनीकों के विकास के लिए दिया जाता है।
गुणवत्ता चक्र की ओर से प्रभात कुमार (फैसिलिटेटर), योगेश कुमार (टीम लीडर) तथा सदस्य बिरेन्द्र सिंह, गौरव ओझा, सोम दत्त और रेशु चौहान ने केस स्टडी का प्रस्तुतीकरण किया।
टीम ने 660 से 800 मेगावाट तक की कोर प्रेस रिंग की मशीनिंग की गुणवत्ता बढ़ाने और समय-सीमा कम करने के उद्देश्य से एक नए टूलिंग फिक्सचर को डिजाइन कर लागू करने से जुड़ी सुधार परियोजना प्रस्तुत की। परियोजना से वित्तीय बचत के साथ उत्पाद की गुणवत्ता में सुधार और समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
इस सफलता में महाप्रबंधक नरेंद्र सिंह राणा और अमित कुमार शर्मा सहित गुणवत्ता एवं व्यापारिक उत्कृष्टता विभाग के प्रतिनिधियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने टीम को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
