मुख्यमंत्री के प्रस्तावित लक्ष्मणझूला भ्रमण से पहले पुलिस बल की ब्रीफिंग।
लक्ष्मणझूला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 10 नवंबर 2026 को लक्ष्मणझूला क्षेत्र के प्रस्तावित भ्रमण को लेकर पौड़ी पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। भ्रमण कार्यक्रम को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर ने कोतवाली लक्ष्मणझूला में सुरक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की।

ब्रीफिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी कार्मिकों को अपनी निर्धारित ड्यूटी के प्रति सजग, सतर्क और जिम्मेदार रहने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि VVIP सुरक्षा मानकों और निर्धारित प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए अपने निर्धारित ड्यूटी पॉइंट पर मुस्तैद रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित किया जाए।

अपर पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक न होने देने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने पर जोर दिया।


