गोवर्धन पूजा पर मुख्यमंत्री आवास में गौ पूजा
देहरादून, 10 नवंबर। गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में गौ माता की पूजा-अर्चना की। उन्होंने गाय को तिलक लगाकर पुष्पमाला अर्पित की और प्रदेश के लोगों के सुख, शांति तथा समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण के प्रति कृतज्ञता का भाव प्रकट करने वाला पर्व है। भारतीय परंपरा में गौ माता का विशेष महत्व रहा है और गौ संरक्षण-संवर्धन सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि यह पर्व प्रकृति के साथ सामंजस्य रखते हुए जीवन जीने और सभी जीवों के प्रति दया व संवेदनशीलता अपनाने की सीख देता है। गौसेवा तथा पशुधन की देखभाल के साथ पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी सभी की साझा जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली और समृद्धि बने रहने की कामना की।
