बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या
देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को उत्तराखंड को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए हैं। सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारियों और बाल कल्याण समितियों को सक्रिय भूमिका निभाने को कहा।
मंत्री ने बताया कि भारत सरकार के महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर तक देश को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से मिशन मोड में अभियान चलाया जा रहा है। उत्तराखंड में भी इस अभियान के तहत लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
हर ग्राम पंचायत से लिया जाएगा प्रमाण पत्र
रेखा आर्या ने कहा कि अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत से बाल विवाह मुक्त ग्राम सभा का प्रमाण पत्र लिया जाएगा। संबंधित ग्राम सभा के प्रधान और पंचायत सचिव प्रमाण पत्र जारी करेंगे कि उनका गांव बाल विवाह मुक्त है। उन्होंने कहा कि इस प्रयास से उत्तराखंड को बाल विवाह मुक्त बनाने और राष्ट्रीय संकल्प को पूरा करने में मदद मिलेगी।

जिला कार्यक्रम अधिकारियों और CWC की होगी निगरानी
मंत्री ने जिला कार्यक्रम अधिकारियों को मिशन मोड पर कार्य करने और बाल कल्याण समितियों (CWC) को भी अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान की लगातार मॉनिटरिंग और रिपोर्टिंग की जाए। बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल पर प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बागेश्वर पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
मंत्री ने बताया कि प्रदेश के कुछ जनपदों में बाल विवाह से जुड़े मामले अधिक सामने आए हैं। बागेश्वर ऐसा जनपद है, जहां विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि विगत दो-तीन वर्षों में प्रदेश में बाल विवाह के 78 मामले दर्ज हुए, जिन्हें बाल विवाह होने से पहले रोका गया। उन्होंने कहा कि इन मामलों से जागरूकता के साथ-साथ सख्त निगरानी की आवश्यकता स्पष्ट होती है।
रेखा आर्या ने अधिकारियों को गांव-गांव तक जागरूकता पहुंचाने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा बाल विवाह का शिकार न हो।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सचिव चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव कर्मेंद्र सिंह, निदेशक बीएल राणा, डिप्टी डायरेक्टर विक्रम सिंह, आरती बलोदी सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
