चोपड़ा में आयोजित हुआ ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम, योजनाओं की दी गई जानकारी
सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत आज राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज, चोपड़ा में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसीलदार रुद्रप्रयाग जगदीश सिंह नेगी ने की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई गई।
शिविर में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राजस्व, समाज कल्याण, खाद्य, कृषि, उद्यान तथा बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
अध्यक्षीय संबोधन में तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान करना तथा विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथियों के अनुसार विभिन्न स्थानों पर इस अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज चोपड़ा में शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, नागरिकों एवं विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी, खंड विकास अधिकारी सुरेश शाह, सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी ए.एस. बिष्ट, प्रधानाचार्य राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज चोपड़ा चंद्रप्रकाश त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
