देहरादून। उत्तराखंड में पत्रकारों और उनके परिवारों के कल्याण से जुड़े मामलों पर निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री पत्रकार कल्याण कोष समिति एवं पत्रकार सम्मान पेंशन योजना (कॉर्पस फंड) की बैठक में पांच दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं, कुछ मामलों में छोटी-मोटी औपचारिक त्रुटियों को दूर करने के बाद आगे की कार्रवाई पूरी की जाएगी।
उत्तराखंड के पांच दिवंगत पत्रकारों के परिजनों को मिलेगी 5-5 लाख रुपये की सहायता
बैठक में पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत प्रस्तुत प्रकरणों पर भी विचार किया गया। इनमें चार मामलों को पेंशन की स्वीकृति दी गई, जबकि एक प्रकरण को निरस्त करने का निर्णय लिया गया। समिति ने सभी मामलों के तथ्यों और संबंधित दस्तावेजों पर विस्तार से चर्चा के बाद निर्णय लिए।
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अनुमति से उनकी अनुपस्थिति में एडीजी आशीष त्रिपाठी ने बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान एडीजी के.सी. चौहान, चंद्र सिंह तोमर सहित पत्रकार कल्याण कोष समिति की सदस्य एवं वरिष्ठ पत्रकार श्रीमती शशि शर्मा, अमित शर्मा और गिरीश मौजूद रहे।
बैठक में चेतन पांडेय और अंकित चौहान ने संबंधित प्रकरणों को समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। पत्रकारों के आश्रितों को आर्थिक सहायता और पात्र पत्रकारों को पेंशन उपलब्ध कराने से जुड़े मामलों पर विचार-विमर्श के बाद आवश्यक निर्णय लिए गए।
