श्यामपुर के बाहर पीली में गंगा किनारे मिले अज्ञात शव को बरामद करती पुलिस।
श्यामपुर/लालढांग। हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र में ग्राम पंचायत सजनपुर पीली के बाहर पीली गांव के पास गंगा किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हलचल मच गई। रविवार सुबह गंगा तट पर पहुंचे ग्रामीणों ने पानी में शव देखा और इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी।
सूचना मिलने पर कोतवाली श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
मृतक के बाएं हाथ पर काला धागा बंधा हुआ था। शरीर के कई हिस्सों पर खरोंच के निशान दिखाई दिए। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि गंगा में बहते समय पत्थरों से टकराने या रगड़ लगने से ये निशान आए होंगे। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
चेहरे-मोहरे के आधार पर मृतक के नेपाली मूल का होने का अनुमान जताया गया है, लेकिन अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
