देहरादून। भारतीय प्रेस परिषद की विज्ञापन सम्बन्धी मामलों की उपसमिति 23 से 26 अगस्त तक देहरादून के दौरे पर रहेगी। उपसमिति के संयोजक श्री गुरिंदर सिंह के नेतृत्व में होने वाले इस दौरे के दौरान समाचार पत्रों के प्रकाशकों की समस्याओं, विज्ञापन से जुड़े विषयों और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
भारतीय प्रेस परिषद के निजी सचिव श्री अशोक कुमार नवरत्न ने महानिदेशक, सूचना को भेजे पत्र में बताया कि उपसमिति 23 अगस्त को शाम 7 बजे बीजापुर गेस्ट हाउस, देहरादून में समाचार पत्रों के प्रकाशकों से मुलाकात एवं संवाद करेगी।
इसके अलावा 24 अगस्त को दोपहर 12 बजे बीजापुर गेस्ट हाउस में प्रकाशकों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में समाचार पत्रों के प्रकाशकों से उनकी समस्याओं, चुनौतियों तथा विज्ञापन से संबंधित विषयों की जानकारी ली जाएगी और उनके समाधान को लेकर चर्चा की जाएगी।
सभी संबंधित समाचार पत्रों के प्रकाशकों से बैठक में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं एवं विषय उपसमिति के समक्ष रखने का अनुरोध किया गया है।
भारतीय प्रेस परिषद की विज्ञापन सम्बन्धी मामलों की उपसमिति का उद्देश्य समाचार पत्रों एवं प्रकाशकों से जुड़े विज्ञापन संबंधी मुद्दों और उनकी समस्याओं को समझना तथा संबंधित पक्षों के साथ संवाद के माध्यम से आवश्यक सुझाव एवं समाधान की दिशा में कार्य करना है।
