कनखल से फेरुपुर पहुंची भव्य कलश यात्रा और कालिका माता मंदिर में सातवां वार्षिक भंडारा
हरिद्वार। पथरी क्षेत्र के गांव फेरुपुर स्थित प्रसिद्ध कालिका माता मंदिर में रविवार को सातवें वार्षिक विशाल भंडारे का आयोजन धूमधाम और धार्मिक श्रद्धा के साथ किया गया। इस अवसर पर हरिद्वार के कनखल से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए फेरुपुर स्थित मंदिर पहुंची। मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा का भक्तिभाव के साथ स्वागत किया।
सुबह से ही मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। विधि-विधान के साथ हवन-यज्ञ आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूर्णाहुति देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद महिला मंडली ने माता काली के भजनों और कीर्तन से वातावरण भक्तिमय कर दिया। ‘जय काली कलकत्ते वाली’, ‘दुर्गा है मेरी मां’ और ‘अम्बे है मेरी मां’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु भक्तिरस में झूमते नजर आए।
धार्मिक आयोजन में फेरुपुर, धनपुरा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने मां कालिका के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और देश में अमन-चैन की प्रार्थना की। पूजा-अर्चना के बाद आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर के पुजारी रामपूजन कविराज ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सातवें वार्षिक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। माता के दरबार में दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं। कंचन सैनी ने बताया कि कालिका माता मंदिर के प्रति क्षेत्र के लोगों में विशेष आस्था और अटूट विश्वास है। मान्यता है कि मंदिर में प्राकृतिक पिंडी के रूप में मां कालिका विराजमान हैं, जो अपने भक्तों के दुख दूर कर उनकी मनोकामनाएं पूरी करती हैं।
इस मौके पर चेला विश्वजीत, अमित गुप्ता, अजय सैनी एडवोकेट, रजनी सैनी, रजनीश सैनी, आशु सैनी, कंचन, कड़क सिंह, करन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
