नैनीताल। नैनीताल जिले में कैंची धाम के समीप निगलाट क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। बरेली से आए पांच युवकों की स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर खैरना स्थित एसडीआरएफ पोस्ट से उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रात का अंधेरा और दुर्गम खाई होने के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाइयां आईं।
रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे चारों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस से सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली पहुंचाया गया।
हादसे में जान गंवाने वाले चालक की पहचान अनुज तिवारी (29 वर्ष), पुत्र लक्ष्मी नारायण तिवारी, निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली के रूप में हुई है। एसडीआरएफ ने शव को खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
घायलों की पहचान सनी (23 वर्ष), रवि, संचित तिवारी और संदीप शर्मा के रूप में बताई गई है। सभी बरेली के निवासी बताए जा रहे हैं।
दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
