हरिद्वार। आगामी कुम्भ मेला-2027 को सुरक्षित, सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ के निर्देशन में मेला नियंत्रण भवन सभागार, हरिद्वार में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) श्री वी. मुरुगेसन तथा अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) श्री ए.पी. अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, सुगम यातायात, आतंकवाद निरोधक उपायों, अभिसूचना, साइबर सुरक्षा तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की विस्तृत समीक्षा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुम्भ मेला) श्री आयुष अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (हरिद्वार) श्री नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से तैयारियों एवं कार्ययोजना की जानकारी दी।

भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान संभावित भीड़ के प्रभावी प्रबंधन, श्रद्धालुओं के आवागमन, पैदल यात्रियों के डायवर्जन, होल्डिंग प्लान, आपातकालीन निकासी और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रमुख स्नान घाटों एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा, वॉच टावरों की स्थापना तथा बम निरोधक दस्ते (BDS) द्वारा एंटी-सबोटाज चेकिंग की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
संभावित आतंकी गतिविधियों एवं अन्य सुरक्षा चुनौतियों के मद्देनजर एटीएस, एसटीएफ और अभिसूचना इकाइयों की भूमिका, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर निगरानी तथा सुरक्षा एजेंसियों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। संगठित अपराध से निपटने के लिए तकनीकी और मानवीय अभिसूचना तंत्र मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।
ICCC, CCTV, ड्रोन और साइबर निगरानी से होगी सुरक्षा
कुम्भ मेले के दौरान सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भ्रामक सूचनाओं, अफवाहों, फर्जी खबरों एवं संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की सतत निगरानी की जाएगी। साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने तथा जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।

इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC), सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन एवं एंटी-ड्रोन प्रणाली, सर्विलांस, संचार व्यवस्था और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को समयबद्ध रूप से स्थापित कर क्रियाशील करने की तैयारियों की समीक्षा की गई। इनके संचालन के लिए प्रशिक्षित कार्मिकों और विशेषज्ञ टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
यातायात, रेलवे और अग्निशमन व्यवस्था की समीक्षा
मेला क्षेत्र में पार्किंग स्थलों, होल्डिंग एरिया, वैकल्पिक यातायात योजना और बॉटलनेक प्वाइंट्स की पहचान पर चर्चा हुई। रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण, ट्रेनों के नियमन, जीआरपी की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अग्निशमन सुरक्षा, फायर सेफ्टी परीक्षण, उपकरणों और संसाधनों की उपलब्धता पर भी जोर दिया गया।
कुम्भ के लिए सीएपीएफ, होमगार्ड, घुड़सवार पुलिस, जल पुलिस, यातायात पुलिस एवं अग्निशमन कर्मियों की आवश्यकता का आकलन करने के साथ बाहरी राज्यों से आने वाले पुलिस बल के समन्वय, आवास, भोजन, पेयजल, शौचालय, विद्युत और प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। निर्माणाधीन पुलिस थानों, चौकियों, पुलिस लाइनों तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश
एडीजी स्तर से निर्देश दिए गए कि सभी सुरक्षा प्लान का पुनः आकलन कर संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। एटीएस, एसटीएफ, बीडीएस एवं अभिसूचना इकाइयों की आवश्यकता के अनुसार तैनाती, एजेंसियों के बीच समन्वय, सत्यापन अभियान और सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान किया जाए। पार्किंग एवं होल्डिंग एरिया समय से तय हों तथा अत्यधिक भीड़ की स्थिति के लिए वैकल्पिक यातायात योजना तैयार रखी जाए।
पुलिस बल एवं उपकरणों की वास्तविक आवश्यकता का आकलन कर मांग, बजट आवंटन, खरीद और आपूर्ति की प्रक्रिया समय से पूरी करने तथा प्रत्येक कार्य की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया मेला क्षेत्र का निरीक्षण
बैठक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस लाइन ऋषिकुल सहित मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। प्रमुख स्नान घाटों, हरकी पैड़ी पर बने अस्थायी पुलों, संकरे मार्गों, थाने-चौकियों, संचार सब-कंट्रोल रूम, फायर स्टेशनों, हाईवे पार्किंग, होल्डिंग एरिया, रेलवे स्टेशनों और निर्माणाधीन भवनों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं के आवागमन से संबंधित तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक (कुम्भ मेला) श्री योगेन्द्र सिंह रावत, मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका, आईजी श्रीमती विम्मी सचदेवा, श्री कृष्ण कुमार वी.के., श्री नीलेश आनन्द भरणे, श्री अनन्त शंकर ताकवाले, श्री राजीव स्वरूप, श्री सुनील मीणा, श्री बरिन्दरजीत सिंह, डीआईजी श्री धीरेन्द्र गुंज्याल, एसएसपी एसटीएफ श्री अजय सिंह सहित हरिद्वार, कुम्भ मेला एवं अन्य इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। देहरादून, पौड़ी और टिहरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
अधिकारियों के अनुसार समीक्षा बैठक और निरीक्षण का उद्देश्य कुम्भ मेला-2027 की सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियों का समय रहते आकलन कर विभिन्न विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित कुम्भ का अनुभव मिल सके।
