प्रतीकात्मक चित्र
हल्द्वानी, 20 नवंबर 2026। हल्द्वानी में 24 नवंबर से राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला शुरू होने जा रहा है। एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 3 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले स्वयं सहायता समूह अपने उत्पादों और हस्तशिल्प को प्रदर्शित करेंगे। मेले में करीब 250 स्टॉल लगाए जाने की तैयारी है।
ग्रामीण विकास विभाग की ओर से आयोजित इस मेले में पारंपरिक उत्पादों, हस्तनिर्मित वस्तुओं और स्थानीय व्यंजनों को जगह मिलेगी। विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इससे ग्रामीण महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों की बिक्री और विपणन के नए अवसर मिलेंगे।
स्टॉल लगाने के लिए पंजीकरण शुरू
मेले में स्टॉल लगाने के इच्छुक स्वयं सहायता समूहों के लिए 20 नवंबर से एमबी इंटर कॉलेज मैदान में ऑफलाइन पंजीकरण शुरू किया गया है। परियोजना निदेशक शिल्पी पंत की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में तैयारियों का जायजा लिया गया। बैठक में स्टॉल आवंटन, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की व्यवस्था पर चर्चा हुई।
आयोजन स्थल पर चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन प्रबंध और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी भी की जा रही है। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
सरस मेला ग्रामीण आजीविका, महिला उद्यमिता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का मंच माना जाता है। दस दिन तक चलने वाले इस आयोजन से हल्द्वानी के लोगों को देशभर के हुनर और उत्पादों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
