मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर जरूरतमंद बच्चों के लिए तैयार किए जा रहे नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से छात्रावास की छत पर 10 केवीए क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित कर दिया गया है, जबकि कमरों के लिए करीब 10 कूलर उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें जल्द स्थापित किया जाएगा। करीब 100 बच्चों की क्षमता वाले इस छात्रावास में 6 से 18 वर्ष तक के अनाथ, आर्थिक रूप से कमजोर, दिव्यांग, अल्पसंख्यक, कूड़ा बीनने वाले, भिक्षावृत्ति में लगे तथा शहरी वंचित वर्ग के बच्चों को आवास, भोजन, संरक्षण और शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
बच्चों की सामूहिक गतिविधियों और शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए एक हॉल का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण विकास कार्यों के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ी परियोजनाओं को भी प्राथमिकता दे रहा है और प्रयास है कि जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण मिले। एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि छात्रावास में आवश्यक सुविधाओं का विकास तेजी से किया जा रहा है, ताकि बच्चे बिना किसी बाधा के शिक्षा ग्रहण कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें।
