हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, परिजनों की शिकायत मिलने के करीब छह घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए सभी नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।
परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि चार युवक बच्ची को डराकर और बहला-फुसलाकर एक होटल में ले गए और उसके साथ अपराध किया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी शहर के चर्चित आईटीआई गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं।
एसएसपी ने कार्रवाई की निगरानी करते हुए महिला और बाल अपराधों पर जीरो टॉलरेंस का संदेश दिया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पीड़िता की पहचान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसकी कोई व्यक्तिगत जानकारी प्रकाशित नहीं की गई है।
