हरिद्वार। जनपद में गौकशी जैसे गंभीर अपराधों में फरार चल रहे आरोपियों के विरुद्ध हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने ग्राम सिकरोड़ा में दो वांछित आरोपियों के घरों पर न्यायालय के उद्घोषणा आदेश चस्पा कर सार्वजनिक मुनादी कराई।
पुलिस के अनुसार 13 नवंबर 2026 को पुलिस टीम ग्राम सिकरोड़ा पहुंची। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भगवानपुर के नेतृत्व में टीम ने ढोल बजवाकर गांव में मुनादी कराई और दोनों आरोपियों के घरों पर माननीय न्यायालय द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 84 के तहत जारी उद्घोषणा आदेश चस्पा किए।
इस कार्रवाई में इंतजार पुत्र जमशेद और कस्सवर उर्फ तसव्वर पुत्र मकसूद, दोनों निवासी ग्राम सिकरोड़ा, थाना भगवानपुर, हरिद्वार के विरुद्ध आदेशों की तामील कराई गई। दोनों आरोपी मुकदमा अपराध संख्या 218/2026 में वांछित हैं। मामला उत्तराखण्ड गोवंश संरक्षण अधिनियम की धारा 3/5/11 से संबंधित है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में न्यायालय के समक्ष उपस्थित न होने पर आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हरिद्वार पुलिस ने गंभीर अपराधों में फरार चल रहे आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
