रामनगर पुलिस ने महिला की हत्या के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार करने की जानकारी दी。
रामनगर (नैनीताल)। ग्राम किशनपुर छोई में महिला विमला देवी की हत्या के मामले में नैनीताल पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को महिला का शव त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर मिला था। मामले में सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बताए जा रहे डंडे, लोहे का पाना, पत्थर और वाहन भी बरामद किया है।
मृतका की पहचान विमला देवी (56) पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट, निवासी किशनपुर छोई के रूप में हुई। उनके पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 356/2026, धारा 332(सी), 103(1) और 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने साक्ष्य संकलित किए और शव को पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेजा गया।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे तीन संदिग्ध
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में घटना के खुलासे के लिए पुलिस और एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में जांच की गई। पुलिस के मुताबिक, आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीन संदिग्ध महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते और बाद में वाहन से शव घटनास्थल के पास फेंकते दिखाई दिए।
पुरानी रंजिश को बताया हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपित मोहित फर्त्याल अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेने की भावना रखता था। पुलिस के अनुसार, इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर विमला देवी की हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपित मोहित फर्त्याल को गिरफ्तार किया। अन्य दो आरोपितों को रामनगर रेलवे मैदान के पास उस समय पकड़ा गया, जब वे रामनगर से फरार होने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आरोपितों के नाम
- मोहित फर्त्याल (32), पुत्र स्व. गोविंद सिंह, निवासी किशनपुर छोई, थाना रामनगर
- सैरान (21), पुत्र मुरसलीन, निवासी ब्लॉक रोड, बड़ी मस्जिद के पीछे, खताड़ी, रामनगर
- मो. अब्बूजर (22), पुत्र मो. विलाल, निवासी खताड़ी, रामनगर
हत्या में प्रयुक्त सामान और वाहन बरामद
- घटना में प्रयुक्त तीन डंडे
- एक लोहे का पाना
- एक पत्थर
- घटना में प्रयुक्त वाहन संख्या UK04 AN6012
- मृतका की पेटीकोट का नाड़ा
पुलिस के अनुसार, बरामद वस्तुओं को जांच में शामिल किया गया है और आरोपितों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम और पुरस्कार की घोषणा
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन सिंह सोन, उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, पंकज जोशी, वीरेन्द्र बिष्ट, देवेंद्र राजपूत, मनोज सिंह अधिकारी, देवेंद्र राणा, सोमेंद्र सिंह, गणेश जोशी, हेड कांस्टेबल त्रिलोक रौतेला, कुंदन सिंह, नवीन पाण्डे, गगन भण्डारी तथा कांस्टेबल भानु प्रताप, अशोक, अरविंद, विक्रम कुमार, संजय दोसाद, जसवीर सिंह, विजेन्द्र गौतम, प्रयाग कुमार, भूपेन्द्र पाल, महबूब आलम, संजय सिंह और अखिलेश तिवारी शामिल रहे। एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2,000 रुपये से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपित गिरफ्तार हैं और मामले की विवेचना जारी है। आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायालय द्वारा किया जाएगा।
