हरिद्वार। उत्तराखंड ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री राकेश चौधरी ने वर्तमान पत्रकारिता की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारिता की गरिमा को बचाना आज सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसे किसी अपराधी या गैर-योग्य व्यक्ति का संरक्षण कवच नहीं बनने देना चाहिए।
अपने बयान में उन्होंने कहा कि आज का दौर पत्रकारिता के लिए जोखिम और चुनौतियों से भरा है। पत्रकारों को निष्पक्षता से काम करने के लिए लगातार दबाव, धमकियों और चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। पत्रकारों को धमकी देने और समाचार पत्रों के माध्यम से पत्रकारों की हत्या की दुखद खबरें लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के लिए बेहद पीड़ादायक और दुर्भाग्यपूर्ण हैं।
राकेश चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कलम की ताकत को बचाना है तो कलम सही हाथों में होनी चाहिए।
