हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई में आम लोगों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में कुल 30 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 18 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्रवाई के लिए सौंपा गया।
जनसुनवाई में लोगों ने भूमि विवाद, अतिक्रमण, जलभराव, बिजली, पेयजल और राशन कार्ड से जुड़ी समस्याएं रखीं। रावली महदूद निवासी अर्जुन ने अपनी माता चांदो देवी के मेडिकल बिल ईएसआईसी डिस्पेंसरी गोविंदपुरी में जमा नहीं किए जाने की समस्या उठाई। गंगदासपुर के विस्थापित परिवारों ने फेरूपुर कठिया में आवंटित प्लॉटों की पैमाइश कराने की मांग की।
सलेमपुर महदूद में अवैध मीट की दुकानों और विद्यालयों के आसपास कूड़ा डाले जाने की शिकायत भी सामने आई। इसके अलावा नया हरिद्वार कॉलोनी में अतिक्रमण तथा सिद्धिविनायक कॉलोनी फेस-2 में सरकारी चकरोड पर कब्जे का मामला भी जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचा।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से निस्तारित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समाधान किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लालित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
