**हजाराग्रांट आंगनवाड़ी केंद्र में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित**
*हरिद्वार। रजत शहरी एवं ग्रामोथान संस्थान द्वारा बहादराबाद ब्लॉक के हजाराग्रांट स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में विश्व हाथ स्वच्छता दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं माताओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं माताओं को व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही हाथ धोने की सही विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन कर बताया गया कि नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने से कई संक्रामक बीमारियों से बचाव संभव है।
इस अवसर पर सभी बच्चों को स्वच्छता किट वितरित की गई, जिसमें टूथपेस्ट, टूथब्रश, साबुन, नेल कटर, तेल आदि दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल थी, ताकि बच्चे स्वच्छता की आदतों को अपने जीवन में नियमित रूप से अपना सकें।

कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से स्वच्छता के महत्व एवं उसके व्यवहारिक उपयोग पर प्रस्तुति दी गई। इस दौरान डॉ. बेबी यादव ने बच्चों एवं माताओं को स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी और उन्हें स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया।
इस कार्यक्रम में ग्राम प्रधान श्रीमती ममतेश की गरिमामयी उपस्थिति रही। ग्राम सभा के अंतर्गत आने वाली तीनों आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यकर्त्री—रीता चौधरी, संगीता देवी एवं संगीता—द्वारा कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग प्रदान किया गया।
ग्राम प्रधान श्रीमती ममतेश ने रजत शहरी एवं ग्रामोथान संस्थान तथा Panasonic life solution India private limited का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों के नियमित आयोजन का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से माताओं एवं बच्चों को स्वस्थ रहने के तरीकों की जानकारी मिलती है, जिससे समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और सभी लोग स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित होते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
