*जनपद हरिद्वार के सभी विकास खंडों में 13 जून 2026 को जन कल्याण शिविरों का आयोजन किया जाएगा*
*शिविरों में विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभार्थियों को ऑन-द-स्पॉट सेवाएं प्रदान की जाएंगी*
*हरिद्वार।मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अवगत कराया है कि मुख्य सचिव, उत्तराखंड शासन, देहरादून के निर्देशों के अनुपालन एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद हरिद्वार के सभी विकास खंड स्तर पर दिनांक 13 जून 2026 (शनिवार) को प्रातः 09:00 बजे से 12:00 बजे तक जन कल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों का आयोजन विकास खंड बहादराबाद, लक्सर, खानपुर, रुड़की, नारसन एवं भगवानपुर के खंड विकास अधिकारी कार्यालयों में किया जाएगा। शिविरों में आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर, लखपति दीदी सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
शिविर के दौरान आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा संबंधित विभागों द्वारा विभिन्न सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जनप्रतिनिधियों को भी शिविरों में सहभागिता हेतु आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है तथा कार्यक्रम उपरांत संक्षिप्त आख्या एवं छायाचित्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
