बीएचईएल स्थापना दिवस एवं उत्कृष्टता उत्सव में एक्सेल पुरस्कार वितरण
हरिद्वार। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने अपनी राष्ट्रसेवा के 62 वर्ष पूरे होने पर स्थापना दिवस एवं उत्कृष्टता उत्सव उत्साहपूर्वक मनाया। मुख्य अतिथि केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात राज्य मंत्री भूपतिराजु श्रीनिवास वर्मा ने कंपनी के उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों को एक्सेल पुरस्कारों से सम्मानित किया।

समारोह में इस्पात एवं भारी उद्योग सचिव संदीप पौण्डरीक, अतिरिक्त सचिव निगार फातिमा हुसैन, संयुक्त सचिव विजय मित्तल, बीएचईएल के सीएमडी के. सदाशिव मूर्ति, निदेशक मंडल के सदस्य, मुख्य सतर्कता अधिकारी, पूर्व वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
राज्य मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि 1964 से बीएचईएल ने इंजीनियरिंग उत्कृष्टता और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। देश की स्थापित ताप विद्युत क्षमता में आधे से अधिक भागीदारी बीएचईएल निर्मित सेटों की है। उन्होंने कंपनी के कायाकल्प, गुणवत्ता और नवाचार के प्रयासों की सराहना की तथा पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी।

समारोह में बीएचईएल की विभिन्न इकाइयों के 131 कर्मचारियों की 25 टीमों को एक्सेल पुरस्कार दिए गए। सर्वांगीण उत्कृष्टता, तकनीकी प्रकाशन, अनुसंधान, ग्राहक संतुष्टि, उत्पादकता, पर्यावरण और समाज सेवा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली टीमों को चुना गया। पुरस्कार के तहत टीम सदस्यों को प्रमाण पत्र, पदक और प्रशस्ति पत्र तथा टीम को नकद पुरस्कार दिया जाता है।
सचिव संदीप पौण्डरीक ने कहा कि मजबूत ऑर्डर बुक ग्राहकों के भरोसे का संकेत है, लेकिन इसके साथ निष्पादन की जिम्मेदारी भी बढ़ती है। उन्होंने भारत के ऊर्जा संक्रमण में बीएचईएल की केंद्रीय भूमिका, विनिर्माण उत्कृष्टता, व्यावहारिक अनुसंधान एवं विकास और ज्ञान हस्तांतरण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

सीएमडी के. सदाशिव मूर्ति ने कंपनी के उत्साहजनक प्रदर्शन, क्षमता निर्माण और विविधीकृत एवं सामरिक क्षेत्रों में उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कर्मचारियों को संस्थान की सबसे बड़ी ताकत बताया। उनके अनुसार एक्सेल पुरस्कार लागत और साइकल टाइम घटाने, सामग्री बचाने तथा गुणवत्ता बेहतर बनाने वाले असाधारण कार्यों को प्रोत्साहित करते हैं। कार्यक्रम में बीएचईएल कर्मचारियों और उनके बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
