ज्वालापुर फायरिंग प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों के साथ पुलिस टीम
हरिद्वार। ज्वालापुर के सुभाष नगर क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला और फायरिंग किए जाने के मामले में हरिद्वार पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बताई जा रही फॉर्च्यूनर कार, 315 बोर की राइफल, 12 बोर की पम्प एक्शन गन, देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा राउंड बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, सुभाष नगर ज्वालापुर निवासी निशान्त यादव की लिखित तहरीर पर पांच व्यक्तियों के खिलाफ जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के आरोप में कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा संख्या 749/26 दर्ज किया गया। आरोप है कि 12 और 13 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि ब्रेजा और फॉर्च्यूनर कारों में सवार लोगों ने वादी पर पिस्तौल से फायर किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर ने बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीमें गठित कीं। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की।
पुलिस के अनुसार 13 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना बुग्गावाला क्षेत्र से चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुड्डू चौधरी निवासी शिवालिक नगर, रानीपुर; मनोज कुमार निवासी बिटावड़ा, थाना बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश); हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी, रानीपुर; तथा संदीप उर्फ मोनू निवासी चंदनहेड़ी ख्वाजापुर, थाना छपरौली, बागपत (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई गई है।
पुलिस ने बरामदगी में 315 बोर की एक राइफल, छह जिंदा कारतूस और दो खोखे; 12 बोर की एक पम्प एक्शन गन और चार जिंदा कारतूस; 32 बोर की एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन और छह जिंदा कारतूस तथा यूके 08 बीक्यू 9009 नंबर की फॉर्च्यूनर कार शामिल बताई है।
पुलिस के अनुसार मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/29 की बढ़ोतरी की गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग टीमें गठित की गई हैं और गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र तथा कांस्टेबल उमेद सिंह, सत्येंद्र सिंह, नवीन छेत्री, हुकुम सिंह, रवि चौहान और संदीप कुमार शामिल रहे।
