राज्योत्सव के आयोजनों से स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण और पर्यटन से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
उत्तरकाशी, 12 नवंबर। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत जनपद में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में पर्यटन विभाग स्थानीय युवाओं को साहसिक खेलों से जोड़ने और जल आधारित पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है।

साहसिक खेलों के जरिए उत्तरकाशी में पर्यटन की नई संभावनाएं तलाश रहा विभाग
रामलीला मैदान में बृहस्पतिवार को विभिन्न विभागों की ओर से गोष्ठियां आयोजित की गईं। इनमें विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी गई। जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर स्थानीय संस्कृति, लोक कला और परंपराओं को मंच प्रदान किया।
पर्यटन विभाग के तहत जोशियाड़ा झील में 11 से 13 नवंबर तक तीन दिवसीय बेसिक कयाकिंग प्रशिक्षण पाठ्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को कयाकिंग की आधारभूत तकनीकों, सुरक्षा मानकों और जरूरी कौशलों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 14 नवंबर को जिला स्तरीय कयाकिंग प्रतियोगिता प्रस्तावित है।

वहीं चिन्यालीसौड़ झील में 12 से 13 नवंबर तक दो दिवसीय वाटर पैरासेलिंग इवेंट आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ जनपद में जल आधारित साहसिक पर्यटन की नई संभावनाओं को विकसित करना है।


इन आयोजनों से स्थानीय युवाओं को साहसिक खेलों में प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर मिलने की उम्मीद है। साथ ही जोशियाड़ा और चिन्यालीसौड़ झीलों को जल क्रीड़ा एवं साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्रों के रूप में विकसित करने के प्रयासों को गति मिलेगी।


