हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस ने दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का चाकू बरामद करने की बात कही है।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को दूधियाबंद बस्ती में बिजली घर के पास जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव मिला था। मामले में कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा संख्या 523/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। बाद में मृतक की पहचान गोपाल पुत्र उमाचरण, निवासी नई बस्ती, आबकारी चौकी के निकट, बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने 21 सितंबर और 3 अक्टूबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 16 सितंबर की रात गंगा किनारे बिजली घर के पास खाली स्थान पर गजराज कश्यप समेत चार लोगों ने चापड़ और चाकू से गोपाल की हत्या की थी।
पुलिस के मुताबिक, मोमिनपुर दर्गा, थाना बिजनौर निवासी गजराज कश्यप पुत्र रघुवीर कश्यप घटना के बाद से फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
कोतवाली नगर की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से 11/12 नवंबर की रात चंडी चौक, हरिद्वार से गजराज कश्यप को हिरासत में लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी: गजराज कश्यप पुत्र रघुवीर कश्यप, निवासी ग्राम मोमिनपुर दर्गा, कोतवाली बिजनौर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश)।
बरामदगी: घटना में प्रयुक्त एक लोहे का चाकू।
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक नवीन चौहान, कांस्टेबल वीरेन्द्र तोमर और कांस्टेबल लखन सिंह।
