हरिद्वार। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन पर आने वाली प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान सामने आया कि सीएम हेल्पलाइन के एल-1 स्तर पर 267 शिकायतें तथा एल-2 स्तर पर 89 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को शिकायतों की नियमित समीक्षा करने के साथ ही आवश्यक होने पर मौके पर जाकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करना होगा।
जनसुनवाई कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, जीएम डीआईसी उत्तम कुमार तिवारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, जिला प्रोवेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया, परियोजना निदेशक उरेडा वाईएस बिष्ट सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।
