देहरादून। उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रेलवे मंत्रालय ने हरिद्वार को तीन महत्वपूर्ण रेल सेवाओं की सौगात दी है। इनमें बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार तथा हरिद्वार से वेरावल और ओखा के लिए दो नई एसी एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन शामिल है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र के माध्यम से इन रेल सेवाओं के संबंध में जानकारी दी है। इस निर्णय से हरिद्वार की देश के प्रमुख शहरों और धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों से रेल कनेक्टिविटी और बेहतर होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार के इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में बेहतर रेल कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में रेल सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। नई रेल सेवाओं से हरिद्वार आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के साथ-साथ व्यापारियों, विद्यार्थियों तथा आम यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
हरिद्वार से वेरावल और ओखा के लिए सीधी एसी रेल सेवा शुरू होने से गुजरात सहित पश्चिमी भारत के प्रमुख क्षेत्रों से हरिद्वार की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। वहीं, गरीब रथ एक्सप्रेस के हरिद्वार तक विस्तार से यात्रियों को दिल्ली और मुंबई क्षेत्र के बीच आवागमन में अतिरिक्त सुविधा मिलने की संभावना है। यह कदम हरिद्वार और पूरे उत्तराखंड में पर्यटन एवं धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।



