नैनीताल के नवागत एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने कार्यभार ग्रहण किया।
हल्द्वानी। भारतीय पुलिस सेवा के वर्ष 2017 बैच के अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने नैनीताल जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। जनपद आगमन के बाद उन्होंने काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद पुलिस कार्यालय हल्द्वानी पहुंचने पर सलामी गार्द ने उन्हें सलामी दी। नैनीताल पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
अर्पण यदुवंशी अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और परिणाममुखी कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। अपने सेवाकाल में उन्होंने रेलवे पुलिस, उत्तरकाशी पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।
उत्तरकाशी में कानून-व्यवस्था और चारधाम यात्रा की जिम्मेदारी
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के रूप में करीब ढाई वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाली। गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास किए। इसी दौरान सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान में घटना कमांडर के रूप में उन्होंने विभिन्न एजेंसियों के समन्वय से सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एसडीआरएफ के नेतृत्व में आपदा राहत अभियान
सेनानायक एसडीआरएफ के रूप में लगभग दो वर्ष तक उन्होंने बल का नेतृत्व किया। प्रयागराज महाकुंभ 2025 में एक माह तक एसडीआरएफ की तैनाती और संचालन की जिम्मेदारी संभाली। अगस्त 2025 में धराली आपदा के दौरान उनके नेतृत्व में 1,386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया और 17,000 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया।
उनके नेतृत्व में उत्तराखंड एसडीआरएफ को ISO 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ। उनके कार्यकाल में करीब 1.80 लाख लोगों को आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रतिनिधित्व और सम्मान
अर्पण यदुवंशी ने BRICS आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया और सिलक्यारा बचाव अभियान के अनुभव साझा किए। उन्होंने राष्ट्रीय सुशासन केंद्र (NCGG), लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) और सरदार पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आपदा प्रबंधन पर व्याख्यान भी दिए।
उनके कार्यों के लिए उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक 2024, महाकुंभ सेवा पदक 2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) से प्रशस्ति तथा पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर सहित कई सम्मान प्राप्त हुए हैं।
नवागत एसएसपी के अनुभव और नेतृत्व से नैनीताल जनपद में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपेक्षा है।
