वन्यजीवों के संवेदनशील क्षेत्रों का सांकेतिक चित्र
देहरादून, 22 नवंबर। राजधानी के ग्रामीण और वन सीमांत इलाकों में इंसान तथा वन्यजीवों के बीच टकराव रोकने के लिए जिला प्रशासन ने नई कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया तेज की है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों को घटनाओं का क्षेत्रवार रिकॉर्ड तैयार कर संवेदनशील स्थानों की पहचान करने को कहा है।
बैठक में सामने आए प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक 2017 से अब तक जिले में ऐसे संघर्षों में 35 लोगों की जान गई। इनमें हाथी के हमले से 10, गुलदार से 11, सांप के काटने से 13 और भालू के हमले से एक मौत दर्ज है।
योजना के तहत वन्यजीवों की आवाजाही वाले क्षेत्रों का मानचित्रण, नियमित पेट्रोलिंग, क्विक रिस्पॉन्स टीम, कैमरा ट्रैप और अर्ली वार्निंग सिस्टम को मजबूत करने पर काम होगा। सोलर लाइट लगाने, जंगल किनारे झाड़ियों की सफाई और कचरे का सुरक्षित निस्तारण जैसे उपाय भी प्रस्तावित हैं।
प्रशासन ने ग्रामीणों को टॉर्च, लाठी और लाउड हेलर जैसे सुरक्षा साधन उपलब्ध कराने तथा वन विभाग की 1926 हेल्पलाइन की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि विभाग आपसी समन्वय के साथ जोखिम वाले क्षेत्रों पर नियमित निगरानी रखें, ताकि किसी घटना की स्थिति में समय रहते सहायता पहुंचाई जा सके।
